मैड्रिड। स्पेन के दक्षिणी प्रांत अल्मेरिया में भड़की भीषण जंगल की आग ने भारी तबाही मचा दी है। तेज हवाओं, भीषण गर्मी और सूखे के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे अब तक 12 लोगों की मौत, 23 लोगों के लापता होने और 8 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है। प्रशासन के अनुसार आग 3,200 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है और इसे स्पेन के इतिहास की सबसे विनाशकारी वाइल्डफायर घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। कई शव जली हुई गाड़ियों के भीतर मिले हैं, जिससे आशंका है कि, लोग आग से बचने की कोशिश में फंस गए थे। अधिकारियों का कहना है कि, कुछ लोगों ने सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी की, जिसके कारण जानमाल का नुकसान और बढ़ गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में चार ब्रिटिश नागरिक भी शामिल हो सकते हैं।
आग बुझाने के लिए करीब 150 दमकलकर्मी और स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट के 220 जवान लगातार मोर्चे पर डटे हैं। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन लापता लोगों की तलाश और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

