भारत नक्शा विवाद: भारतीय राजनयिक ने रोका कार्यक्रम, कहा- जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा

Follow Us

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक सेमिनार के दौरान भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में प्रेजेंटेशन के दौरान जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से पाकिस्तान का हिस्सा दर्शाया गया, जिस पर भारतीय उच्चायोग की सेकंड सेक्रेटरी पूजा कुमारी झा ने तत्काल आपत्ति दर्ज कराई।

‘विश्वास बहाल करना और क्षेत्रीय एकता को नया रूप देना’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारत में बांग्लादेश के पूर्व उच्चायुक्त अहमद तारिक करीम प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शित नक्शे को देखते ही पूजा झा ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट कहा कि, दिखाया गया नक्शा तथ्यात्मक रूप से गलत है और जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्सा है।

आपत्ति के बाद अहमद तारिक करीम ने सफाई देते हुए कहा कि नक्शा केवल सांकेतिक उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया था और इसका वास्तविक सीमाओं से कोई संबंध नहीं है। हालांकि भारतीय अधिकारी इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुईं और उन्होंने दोबारा दोहराया कि, भारत की क्षेत्रीय अखंडता से जुड़े तथ्यों को सही रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जहां भारतीय राजनयिक के स्पष्ट और तत्काल हस्तक्षेप की व्यापक चर्चा हो रही है।