रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून-2026 के दौरान प्रमुख औद्योगिक इकाइयों द्वारा संचालित वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा के लिए आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी 12 जुलाई को रायपुर में अहम बैठक करेंगे। यह बैठक दोपहर 2 बजे जी.ई. रोड स्थित बेबीलॉन कैपिटल में आयोजित होगी।
बैठक में राज्य की मीडियम एवं लार्ज स्केल औद्योगिक इकाइयों के प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट और डायरेक्टर स्तर के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान वृक्षारोपण की प्रगति, पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव, निगरानी व्यवस्था और उद्योगवार एक्शन प्लान की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव राजू अगसिमनी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में उद्योगों को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और पर्यावरणीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के निर्देश दिए गए थे। अब उसी क्रम में मंत्री ओपी चौधरी स्वयं उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति का आकलन करेंगे और आगामी रणनीति पर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्योगों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश में हरित आवरण का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण को मजबूत बनाना तथा वृक्षारोपण के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।
