सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में एक निकाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आरोप है कि बारातियों को मटन परोसने का वादा किया गया था, लेकिन भोजन में चिकन मिलने के बाद विवाद शुरू हो गया।
मामला महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव का है, जहां सिमरी बख्तियारपुर से बारात पहुंची थी। निकाह की रस्में पूरी होने के बाद जब बाराती खाना खाने बैठे, तो कुछ लोगों ने मटन की जगह चिकन परोसे जाने पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और मंडप के पास ही लाठी-डंडे चलने लगे। इस झड़प में दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घायलों में मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास समेत कई लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घायल बारातियों का आरोप है कि खाने को लेकर सवाल उठाने पर लड़की पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। वहीं, घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
