PoK में फिर बढ़ा तनाव: रावलाकोट में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग, 2 की मौत का दावा

Follow Us

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलाकोट क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान हिंसा की खबर सामने आई है। स्थानीय संगठन जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने दावा किया है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

JAAC के अनुसार, रावलाकोट के कोटरी क्षेत्र में हजारों लोग अपने विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। संगठन का आरोप है कि, दोपहर के समय पाकिस्तानी रेंजर्स और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए गोलीबारी और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। समिति का यह भी दावा है कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी बल प्रयोग किया गया। संगठन ने बताया कि, फायरिंग में 28 वर्षीय वाजिद और 47 वर्षीय सरदार नासिर की मौत हुई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पाकिस्तानी प्रशासन की ओर से घटना पर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

JAAC का कहना है कि, प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और सुरक्षा बलों ने इसे बलपूर्वक समाप्त करने की कोशिश की। वहीं, स्थानीय सूत्रों के अनुसार रावलाकोट के ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अब भी डटे हुए हैं। संगठन ने यह भी दावा किया है कि, हाल के महीनों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मरने वालों की संख्या 61 तक पहुंच गई है। हालांकि, इस आंकड़े की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।