ब्रिस्टल में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार, क्या लकी मैदान पर लौटेगी जीत की पटरी?

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। सीरीज में 0-2 से पीछे चल रही भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि हार के साथ इंग्लैंड सीरीज अपने नाम कर सकता है।

ब्रिस्टल का मैदान भारत के लिए अब तक यादगार रहा है। टीम इंडिया ने यहां सिर्फ एक टी20 मुकाबला खेला है और साल 2018 में शानदार जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन बनाए थे, लेकिन भारत ने 199 रनों का लक्ष्य सिर्फ 18.4 ओवर में हासिल कर लिया था। रोहित शर्मा ने शतकीय पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जबकि विराट कोहली ने भी उपयोगी योगदान दिया था। वहीं, इंग्लैंड का ब्रिस्टल में प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। टीम ने इस मैदान पर पांच मुकाबलों में दो जीत और तीन हार दर्ज की हैं।

हालांकि, मौजूदा सीरीज में इंग्लैंड का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। तीसरे टी20 में इंग्लैंड ने 201 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई थी। अब टीम इंडिया के सामने चुनौती बल्लेबाजी में सुधार करने और गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन कराने की होगी। ब्रिस्टल का पुराना रिकॉर्ड भारत के लिए उम्मीद की किरण जरूर है, लेकिन जीत के लिए मैदान पर बेहतर प्रदर्शन जरूरी होगा।