इजरायल होम-केयरगिवर भर्ती पर राज्यपाल रमेन डेका सख्त, चिकित्सा शिक्षा विभाग से मांगी रिपोर्ट

Follow Us

रायपुर। इजरायल में होम-केयरगिवर पदों पर भर्ती के दौरान नर्सिंग योग्यताधारी अभ्यर्थियों से घरेलू कार्य कराए जाने और उनकी सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को लेकर रमेन डेका ने संज्ञान लिया है। राज्यपाल सचिवालय ने इस मामले में चिकित्सा शिक्षा विभाग से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता द्वारा 12 जून को दिए गए आवेदन के आधार पर की गई। आवेदन में कहा गया था कि होम-केयरगिवर भर्ती के लिए जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग सहित अन्य नर्सिंग योग्यताधारी अभ्यर्थियों को पात्र बनाया गया है, जबकि उनसे रोगी की देखभाल के साथ खाना बनाना, घर की सफाई, कपड़े धोना, खरीदारी और अन्य घरेलू कार्य भी कराए जाने का प्रावधान है, जो नर्सिंग पेशे की गरिमा के विपरीत है।

राज्यपाल सचिवालय से मामला चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजे जाने के बाद विभाग ने 7 जुलाई को आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा को पत्र जारी कर आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा विभाग को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।

आवेदन में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के संभावित शोषण, देश के नर्सिंग संसाधनों के उपयोग, कार्य की स्पष्टता के अभाव और इजरायल की मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों पर भी चिंता व्यक्त की गई है। साथ ही महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा, बीमा, कानूनी संरक्षण, शिकायत निवारण तंत्र और आपातकालीन सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

डॉ. राकेश गुप्ता ने भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा कराने, नर्सिंग योग्यताधारी अभ्यर्थियों से घरेलू कार्य कराने संबंधी प्रावधान हटाने, भारतीय नर्सिंग परिषद एवं राज्य नर्सिंग परिषद से परामर्श लेने तथा नर्सिंग पेशे की गरिमा और अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।