छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार! डिप्टी सीएम अरुण साव ने पीडब्ल्यूड अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने पीडब्ल्यूडी (PWD) अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राज्य में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्माण परियोजनाओं में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, विभाग की क्षमता केवल कागजों और रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और ठेकेदारों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर परियोजनाओं को समय पर पूरा कराएं। डिप्टी सीएम ने गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि, सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों जरूरी हैं।

बैठक में नए स्वीकृत कार्यों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सितंबर-अक्टूबर तक सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर वर्क ऑर्डर जारी किए जाएं, ताकि बारिश के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किए जा सकें। डिप्टी सीएम साव ने अधिकारियों को परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने और फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर विभाग की कार्यक्षमता साबित करने की बात कही।