ईरान पर फिर बरसा अमेरिकी कहर: चाबहार समेत कई ठिकानों पर हमले, बिजली- सैन्य सप्लाई पर असर का दावा

Follow Us

वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सीजफायर खत्म करने के ऐलान के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियां तेज होने की खबरें सामने आई हैं। अमेरिका ने ईरान के कई रणनीतिक इलाकों को निशाना बनाने का दावा किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी हमलों में चाबहार और कोनारक जैसे इलाकों में नुकसान हुआ है। ईरानी मीडिया के अनुसार, चाबहार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और कई जगहों पर तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। इसके अलावा उत्तरी ईरान में एक रेलवे ब्रिज को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसका इस्तेमाल सैन्य रसद पहुंचाने के लिए किया जाता था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि ये कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हुए हमलों को रोकने के उद्देश्य से की गई है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमलों के बाद एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है और कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ईरानी मीडिया ने बताया कि चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास और आसपास के क्षेत्रों में कई धमाके हुए हैं। कुछ बंदरगाह और समुद्री सुविधाओं को नुकसान पहुंचने का भी दावा किया गया है। वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ने हमलों के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया। इस घटनाक्रम के बाद मध्य-पूर्व में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर दोनों देशों के अगले कदम पर टिकी हुई है।