जोधपुर। टीवी के लोकप्रिय अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा लोढ़ा ने 6 जुलाई को शाही अंदाज में शादी रचाई। राजस्थान के भव्य उम्मेद पैलेस में आयोजित इस समारोह में फिल्म, साहित्य और राजनीति जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। शादी के सबसे भावुक पलों में से एक बेटी की विदाई का था, जब शैलेश लोढ़ा अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। विदाई के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं और यह पल वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर गया।
स्वरा की शादी को यादगार बनाने के लिए आयोजन को शाही अंदाज में सजाया गया था। पारंपरिक रस्मों, शानदार सजावट और भव्य व्यवस्थाओं ने समारोह को खास बना दिया। वहीं, शैलेश लोढ़ा ने भी खुशी के इस मौके पर जमकर डांस किया और अपनी प्रस्तुति से मेहमानों का दिल जीत लिया। दुल्हन बनीं स्वरा ने पारंपरिक लहंगा-चोली के साथ हैवी नेकलेस, मांग टीका और मैचिंग झुमकों से अपना ब्राइडल लुक पूरा किया। ग्लोइंग मेकअप और मिडिल पार्टिंग के साथ वेवी ओपन हेयरस्टाइल ने उनके लुक को और आकर्षक बना दिया। सोशल मीडिया पर फैंस उनके ब्राइडल अवतार की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बता दें कि शैलेश लोढ़ा ने टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘तारक मेहता’ का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। आज भी दर्शक उन्हें इसी भूमिका के लिए खास तौर पर याद करते हैं।

