रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। शाम 4 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) में होने वाली इस बैठक में सत्र के दौरान सरकार के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में कई संशोधन विधेयकों और चालू वित्तीय वर्ष के अनुपूरक बजट प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश की मौजूदा मानसूनी स्थिति और खरीफ फसलों की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। सरकार का विशेष फोकस किसानों से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। बैठक में खाद-बीज की उपलब्धता, कृषि विभाग की तैयारियों और किसानों तक जरूरी संसाधनों की पहुंच पर चर्चा हो सकती है।
गौरतलब है कि, प्रदेश में इस बार अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। कई जिलों में कम वर्षा के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हुई है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में सूखे जैसे हालात से निपटने, वैकल्पिक कृषि योजना, सिंचाई व्यवस्था और किसानों को राहत देने के उपायों पर भी मंथन किया जा सकता है। सरकार मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगी।

