रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला स्थित 3D फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री को तत्काल बंद कर दिया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, उरला स्थित फैक्ट्री में फेरो अलॉय का निर्माण किया जाता था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फेरो एलॉय डिवीजन में संचालित फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हादसे के बाद फैक्ट्री को बंद कर दिया गया है और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में उद्योगों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
