नई दिल्ली। अगर आप Android स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं और गूगल अकाउंट पर फोन का बैकअप सेव रखते हैं, तो आपके लिए यह जरूरी खबर है। गूगल ने अपनी क्लाउड स्टोरेज पॉलिसी में बड़ा बदलाव किया है, जिसका असर करोड़ों यूजर्स पर पड़ सकता है। नई व्यवस्था के तहत अब सिर्फ फोटो और वीडियो ही नहीं, बल्कि कॉल हिस्ट्री, एसएमएस ऐप डेटा और फोन की सेटिंग्स का बैकअप भी गूगल अकाउंट की 15GB फ्री स्टोरेज में शामिल किया जाएगा।
यानी जिन यूजर्स के फोन में ज्यादा बैकअप डेटा मौजूद है, उनकी फ्री स्टोरेज पहले की तुलना में जल्दी खत्म हो सकती है। यह बदलाव सबसे पहले नए Android यूजर्स के लिए लागू किया जाएगा, जबकि पुराने यूजर्स तक इसे धीरे-धीरे पहुंचाया जाएगा। स्टोरेज लिमिट पूरी होने के बाद यूजर्स को अतिरिक्त जगह के लिए गूगल One जैसे पेड प्लान लेने पड़ सकते हैं।
हालांकि गूगल का कहना है कि, इस बदलाव से औसतन करीब 40MB अतिरिक्त डेटा ही जुड़ेगा। कंपनी यूजर्स को बैकअप कंट्रोल के लिए नए विकल्प भी दे रही है, जिससे लोग तय कर सकेंगे कि कौन-सा डेटा क्लाउड पर सेव करना है और कौन-सा नहीं। यूजर्स फोन की बैकप सेटिंग (Backup Settings) में जाकर SMS, कॉल हिस्ट्री, ऐप डेटा और अन्य बैकअप विकल्पों को मैनेज कर सकते हैं। Google का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य बैकअप सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और आसान बनाना है।
