तेहरान/वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। होर्मुज स्ट्रेट में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पुष्टि की है कि, दक्षिणी ईरान में कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाते हुए एयरस्ट्राइक की गई। ईरानी मीडिया के अनुसार सीरिक, केश्म द्वीप और बंदर अब्बास समेत कई इलाकों में जोरदार विस्फोट सुनाई दिए। बताया जा रहा है कि, कुछ प्रोजेक्टाइल सीरिक के ताहेरुई पियर क्षेत्र में भी गिरे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
CENTCOM का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई है। अमेरिकी सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम, तटीय निगरानी केंद्र, मिसाइल ठिकानों और ड्रोन लॉन्च साइटों को निशाना बनाने का दावा किया है। इस सैन्य कार्रवाई के बाद पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब दोनों देशों की अगली रणनीति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर टिकी हुई है।

