नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके हुगली जिले के जीराट स्थित मुखर्जी के पैतृक आवास पहुंचने और प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखने की संभावना है। इसके अलावा वह कोलकाता के बिस्वा बांग्ला मेला ग्राउंड में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में भी शामिल होंगे।
अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है। कार्यक्रमों के साथ-साथ वह प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों तथा जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए गौरव का अवसर है। उनके अनुसार, मुखर्जी की जन्मभूमि पर उनकी विचारधारा को नई ऊर्जा देने का यह ऐतिहासिक क्षण है। गौरतलब है कि, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री रहे। वर्ष 1951 में उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जिसके आधार पर आगे चलकर 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ।

