नई दिल्ली। भारत में कई पर्यटन स्थल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, इतिहास और संस्कृति के लिए मशहूर हैं, लेकिन कुछ जगहों की लोकप्रियता बॉलीवुड फिल्मों के बाद कई गुना बढ़ गई। फिल्मों में दिखाए गए खूबसूरत नजारों ने इन लोकेशनों को देश-विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा डेस्टिनेशन बना दिया। फिल्म ‘जब वी मेट’ का सुपरहिट गाना ‘ये इश्क हाय’ आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इस गाने की शूटिंग हिमाचल प्रदेश के रोहतांग की बर्फीली वादियों में हुई थी। करीना कपूर और शाहिद कपूर पर फिल्माए गए इस गीत के बाद रोहतांग की लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ।
फिल्म ‘3 इडियट्स’ के क्लाइमैक्स में दिखाई गई पैंगोंग लेक आज लद्दाख के सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में गिनी जाती है। इसके अलावा ‘जब तक है जान’ और ‘दिल से’ जैसी फिल्मों की शूटिंग भी यहां हुई, जिससे यह जगह पर्यटकों के बीच और अधिक लोकप्रिय हो गई। मुंबई की पहचान बन चुकी मरीन ड्राइव भी बॉलीवुड की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन रही है। ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’, ‘दिल चाहता है’, ‘वेक अप सिड’ और ‘धूम 2’ जैसी कई फिल्मों में यहां के दृश्य फिल्माए गए हैं। यही वजह है कि मुंबई आने वाले अधिकांश पर्यटक सबसे पहले मरीन ड्राइव का रुख करते हैं।
कश्मीर की खूबसूरत वादियां लंबे समय से बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं की पसंद रही हैं। ‘बजरंगी भाईजान’, ‘हैदर’, ‘जब तक है जान’, ‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘फितूर’ जैसी फिल्मों ने यहां की प्राकृतिक सुंदरता को बड़े पर्दे पर शानदार तरीके से पेश किया, जिससे कश्मीर पर्यटन को नई पहचान मिली। राजस्थान का उदयपुर अपनी झीलों और शाही विरासत के लिए पहले से प्रसिद्ध था, लेकिन ‘प्रेम रतन धन पायो’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी फिल्मों की शूटिंग के बाद इसकी लोकप्रियता और बढ़ गई। आज यह देश की सबसे पसंदीदा वेडिंग और टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल है।
वहीं, केरल का खूबसूरत हिल स्टेशन मुन्नार फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के बाद लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा ‘निशब्द’ और ऑस्कर विजेता फिल्म ‘लाइफ ऑफ पाई’ में भी यहां के मनमोहक दृश्य देखने को मिले हैं।
