भीषण गर्मी के बीच अमेरिका ने मनाया 250वां स्वतंत्रता दिवस, कई कार्यक्रम रद्द, ट्रंप देंगे संबोधन

Follow Us

वॉशिंगटन। अमेरिका अपने 250वें स्वतंत्रता दिवस का ऐतिहासिक जश्न मना रहा है, लेकिन पूर्वी तट पर पड़ रही भीषण गर्मी ने समारोहों पर असर डाला है। कई राज्यों में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे हीट इंडेक्स के कारण परेड और सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द या स्थगित कर दिए गए हैं। हालांकि, प्रमुख राष्ट्रीय आयोजन और राष्ट्रपति के कार्यक्रम तय समय के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। वॉशिंगटन के नेशनल मॉल में आयोजित ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर को भी सुरक्षा कारणों से कुछ घंटों के लिए बंद रखा गया।

फेयर का आयोजन करने वाली संस्था फ्रीडम 250 ने बताया कि मेहमानों, कर्मचारियों और कलाकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। वहीं, वर्जीनिया के लीसबर्ग और मैरीलैंड के लॉरेल व टकोमा पार्क सहित कई शहरों में स्वतंत्रता दिवस परेड रद्द कर दी गई।

भीषण गर्मी के बावजूद ‘सैल्यूट टू अमेरिका’ कार्यक्रम, सैन्य प्रदर्शन और भव्य आतिशबाजी तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगे। डोनाल्ड ट्रंप स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माउंट रशमोर में संबोधन देंगे और आतिशबाजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह वॉशिंगटन के नेशनल मॉल में भी राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

उधर, न्यूयॉर्क सिटी में हीट इंडेक्स करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके बाद मेयर जोहरान ममदानी ने लोगों से बिजली की बचत करने की अपील की। अत्यधिक गर्मी के चलते रेल सेवा प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एमट्रेक ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र की कुछ ट्रेनें भी रद्द कर दी हैं। पुलिस ने समारोह में शामिल होने वाले लोगों से पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दी है। राष्ट्रीय समारोह के दौरान पैटी लाबेल, एलन जैक्सन, शिकागो और कूल एंड द गैंग जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।