‘ये मेरे कॉमेडी हीरोज़ हैं’… लेटेंट S2 से पहले समय रैना का इमोशनल पोस्ट, दिग्गज कॉमेडियंस के लिए जताया सम्मान

Follow Us

मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना ने ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट सीज़न 2’ के नए एपिसोड से पहले एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने बताया कि कॉमेडियन चंदन प्रभाकर, कीकू शारदा और राइटर-कॉमेडियन हर्ष लिम्बाचिया के साथ स्टेज साझा करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। समय रैना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि वह बचपन से चंदन प्रभाकर, कीकू शारदा और हर्ष लिम्बाचिया के लिखे और किए गए कई कॉमेडी शो देखते हुए बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन कलाकारों ने न केवल उन्हें खूब हंसाया, बल्कि उनकी कॉमेडी की समझ और सोच को भी आकार दिया।

अपने पोस्ट में समय ने लिखा, “मैं इन सभी के साथ आज रात ‘लेटेंट’ करने जा रहा हूं। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा। मैं चाहता हूं कि आप लोग मुझे मेरे कॉमेडी हीरोज़ के साथ स्टेज पर देखें। ये सभी दिग्गज कलाकार हैं और मैं इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।” समय रैना के इस पोस्ट के बाद यह साफ हो गया है कि चंदन प्रभाकर, कीकू शारदा और हर्ष लिम्बाचिया ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट सीज़न 2’ के आगामी एपिसोड में नजर आएंगे। इससे पहले शो के मेकर्स ने सभी पैनलिस्ट के नाम गुप्त रखे थे।

बता दें कि ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट सीज़न 2’ का पहला एपिसोड 20 जून को रिलीज़ हुआ था, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी अपनी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए शामिल हुई थीं। अब दूसरे एपिसोड का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, जिसमें समय रैना अपने पसंदीदा कॉमेडी दिग्गजों के साथ मंच साझा करते नजर आएंगे।