जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक गोंचा पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस पर्व के दौरान 9 दिनों तक महाभंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार, हर वर्ष गोंचा पर्व के दौरान समाज और श्रद्धालुओं के सहयोग से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस बार आयोजन को और भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में संस्कृति विभाग की ओर से इस आयोजन के लिए 5 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। वहीं अब आयोजन को विस्तार देने के लिए तहसीलदार के माध्यम से शासन को 18 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव की जानकारी के बाद समिति सदस्य नरेंद्र पाणिग्राही ने कहा कि जल्द ही तहसीलदार और कलेक्टर के साथ बैठक कर गोंचा पर्व की व्यवस्थाओं और शासन से मिलने वाले सहयोग पर चर्चा की जाएगी, ताकि आयोजन को और बेहतर तरीके से संपन्न कराया जा सके।

