मुंबई। अभिनेता विक्की कौशल ने सुपरस्टार आमिर खान और उनकी मंगेतर गौरी स्प्रैट को शादी की शुभकामनाएं दी हैं। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विक्की ने आमिर की शादी की खबर पर खुशी जताते हुए कहा कि वह दोनों के लिए बेहद खुश हैं। दरअसल, राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ की स्क्रीनिंग में विक्की कौशल, आमिर खान और उनके बेटे जुनैद खान समेत कई सितारे मौजूद थे। मीडिया से बातचीत के दौरान जब विक्की को पता चला कि आमिर ने 5 जुलाई को शादी की पुष्टि कर दी है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए उन्हें बधाई दी और कहा, “मैं उनके लिए बहुत खुश हूं।”
आमिर खान और गौरी स्प्रैट 5 जुलाई को मुंबई स्थित आमिर के आवास पर शादी के बंधन में बंधेंगे। पहले दोनों कोर्ट मैरिज करेंगे, जिसके बाद परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह आयोजित किया जाएगा। आमिर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि शादी पूरी तरह निजी होगी और इसमें सिर्फ परिवार के सदस्य तथा चुनिंदा करीबी लोग शामिल होंगे।
गौरी स्प्रैट पेशेवर रूप से आमिर खान प्रोडक्शंस से जुड़ी रही हैं। आमिर ने साल 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी को अपनी पार्टनर के रूप में परिचित कराया था। गौरी स्प्रैट के साथ यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। इससे पहले उन्होंने रीना दत्ता (1986–2002) और किरण राव (2005–2021) से विवाह किया था। रीना दत्ता से उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं, जबकि किरण राव से उनका एक बेटा आज़ाद है। तलाक के बाद भी आमिर के अपनी दोनों पूर्व पत्नियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बने हुए हैं।

