कलेक्टर बी.एस. उइके ने राज्यपाल के प्रस्तावित गोदग्राम बिजली आगमन के पर विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

Follow Us

गरियाबंद : राज्यपाल के प्रस्तावित गोदग्राम बिजली भ्रमण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर बी.एस. उइके ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गोदग्राम बिजली को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर बी.एस. उइके ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की
कलेक्टर बी.एस. उइके ने गोदग्राम बिजली में विकास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गरियाबंद /रायपुर। कलेक्टर बी.एस. उइके ने आज राज्यपाल के प्रस्तावित गोदग्राम बिजली भ्रमण की तैयारियों के संबंध में ग्राम बिजली में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम राजिम विशाल महाराणा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर उइके ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। विभाग द्वारा बताया गया कि ग्राम बिजली में अब तक 6 तथा मड़वाडीह में 1 उपभोक्ता ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर संयंत्र स्थापित कर अनुदान प्राप्त किया है, जिससे उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। कलेक्टर ने बताया कि, योजना के अंतर्गत सब्सिडी का लाभ मार्च 2027 तक उपलब्ध रहेगा। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से समय रहते संयंत्र स्थापित कर योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत अंतिम तिथि 3 सितंबर तक बढ़ाई गई है अवधि का लाभ उठाने तथा पात्र उपभोक्ताओं को 10 से 50 प्रतिशत तक की रियायत दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ओपन जिम परिसर, खाली शासकीय भूमि, गौठान एवं पंचायत परिसरों में व्यापक वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। विभाग द्वारा बताया गया कि 100 हितग्राहियों को जामुन, आम, मुनगा, पपीता सहित मिनी किट का वितरण किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, राशन वितरण, अपूर्ण आवासों की प्रगति तथा मनरेगा अंतर्गत मजदूरी भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा के तहत वाटर रिचार्ज पिट, नाली निर्माण, जल संरक्षण कार्य, स्कूल परिसरों में वृक्षारोपण, अतिक्रमण संभावित स्थलों पर फेंसिंग कर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोदग्राम विधायक निधि से स्वीकृत मुक्तिधाम निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पंचायतों को सामुदायिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव हेतु नाममात्र उपयोग शुल्क लेने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हर घर नल-जल योजना के प्रभावी संचालन के लिए प्रति परिवार 50 रुपये जलकर निर्धारित कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।

मत्स्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने 28 सदस्यीय पंजीकृत मत्स्य सहकारी समिति के गठन, हितग्राहियों को 3 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा, डबरी एवं तालाब निर्माण तथा मत्स्य आहार पर उपलब्ध अनुदान की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान बताया गया कि, द्वारा राजधानी के कृषि विश्विद्यालय में 40 किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है। कलेक्टर ने क्षेत्र में सुगंधित काले चावल की खेती को प्रोत्साहित करने, रबी मौसम में फसल चक्र परिवर्तन के तहत मूंगफली, सरसों एवं चना जैसी फसलों का रकबा बढ़ाने तथा क्रेडा विभाग के योजनों से गोबर गैस संयंत्र स्थापित कर जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग को टीबी मुक्त पंचायत बनाने, आयुष्मान कार्ड निर्माण, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान गणवेश, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, परीक्षा परिणाम तथा शिक्षकों की उपलब्धता की जानकारी ली गई। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रभावी संचालन, महतारी वंदन योजना तथा ई-केवाईसी कार्य में जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के कलेक्टर उइके ने सभी विभागों को राज्यपाल के प्रस्तावित गोदग्राम भ्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं समन्वित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।