सूरजपुर में अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 8 वाहन जब्त

Follow Us

सूरजपुर। प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में प्रशासन और खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीते एक सप्ताह के दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त आठ वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर खनिज विभाग, जिला प्रशासन और जिला स्तरीय टास्कफोर्स की संयुक्त टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और जांच अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 27 जून को रामानुजनगर क्षेत्र में गिट्टी से भरी एक हाईवा को जब्त कर थाना रामानुजनगर में सुरक्षित रखा गया।

इसके बाद 28 जून को तहसील सूरजपुर के ग्राम देवीपुर में अवैध बोल्डर परिवहन के दो मामलों और रूनियाडीह-नमदगिरी सीमा स्थित रेत घाट से अवैध रेत परिवहन के एक मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त कर थाना सूरजपुर के सुपुर्द किया गया।

30 जून को भैयाथान तहसील के ग्राम बड़सरा में अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर जब्त किए गए, जिन्हें पुलिस चौकी बसदेई में रखा गया। वहीं 1 जुलाई को ग्राम कुरूवा के पंडितपारा रेत घाट में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में प्रयुक्त दो टिपरों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें थाना बिश्रामपुर में सुरक्षित रखा गया। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी जारी रहेगी।