भुवनेश्वर/अहमदाबाद। भुवनेश्वर में अदाणी ग्रुप और अबु धाबी की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) ने ओडिशा में एक विशाल एल्युमीनियम प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है। इस परियोजना में लगभग 11.5 अरब डॉलर (करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये) का निवेश किया जाएगा, जो भारत के औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। भुवनेश्वर में हुए एमओयू हस्ताक्षर समारोह में अदाणी पोर्ट्स एंड SEZ के एमडी करण अदाणी ने कहा कि, यह प्रोजेक्ट केवल निवेश नहीं बल्कि भारत के औद्योगिक भविष्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना पूरी एल्युमीनियम वैल्यू चेन को एकीकृत इकोसिस्टम के रूप में विकसित करेगी।
इस मेगा प्रोजेक्ट में एल्युमिना रिफाइनरी, एल्युमीनियम स्मेल्टर और डाउनस्ट्रीम पार्क शामिल होंगे, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता लाखों टन में होगी। इसके साथ ही इसे ग्रीन एनर्जी और कैप्टिव पावर सपोर्ट भी दिया जाएगा। परियोजना से निर्माण के दौरान लगभग 35,000 रोजगार और संचालन के समय करीब 18,500 नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और छोटे व्यवसायों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। अदाणी ग्रुप ने कहा कि, यह निवेश ओडिशा को औद्योगिक विकास के नए युग में ले जाएगा और भारत की ग्रोथ स्टोरी को मजबूती देगा।
