गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के मुड़ागांव में सीसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को नेशनल हाईवे-130सी पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष हेमंत नागेश ने किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मांग के बावजूद सड़क का निर्माण नहीं होने से बरसात में गांव की स्थिति बेहद खराब हो जाती है।
जानकारी के अनुसार, मुड़ागांव के आश्रित पारा करलाकोट में पिछले दो वर्षों से सीसी रोड बनाने की मांग की जा रही है। बारिश के दौरान सड़क कीचड़ से भर जाती है, जिससे एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। वहीं स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हाइवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर करीब एक घंटे के भीतर सड़क खाली कराई। इसके बाद यातायात दोबारा सामान्य कर दिया गया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष हेमंत नागेश ने प्रशासन पर समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते सड़क निर्माण की मांग पर गंभीरता दिखाई होती, तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरने की नौबत नहीं आती।
इधर, प्रदर्शन के समर्थन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी गांव पहुंचे। उन्होंने भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के पदाधिकारियों को ही मूलभूत सुविधाओं के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, तो विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि प्रदर्शन समाप्त कराकर हाईवे पर यातायात बहाल करा दिया गया है। ग्रामीणों से ज्ञापन लिया गया है, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा।

