धमतरी। जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इन घटनाओं के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। फिलहाल तीनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड की है, जहां संजू साहू नामक युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव की है। यहां गोपाल यादव नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ही संबलपुर ओवरब्रिज के पास सामने आई, जहां एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं
जिला अस्पताल धमतरी के चिकित्सक डॉ. राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए तीन शव लाए गए हैं। इनमें मकेश्वर वार्ड निवासी संजू साहू, अछोटा निवासी गोपाल यादव और संबलपुर ओवरब्रिज के पास मिले अज्ञात युवक का शव शामिल है। तीनों मामलों में शव फांसी के फंदे पर लटके हुए पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हैं और सभी मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी मामले में आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
डॉक्टर पर लापरवाही का मामला दर्ज पुलिस परिजनों, स्थानीय लोगों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इन घटनाओं के बाद पूरे जिले में माहौल गमगीन है और लोग लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की मानसिक परेशानी होने पर तुरंत परामर्श लें और मदद के लिए आगे आएं।
