मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनका एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। वायरल वीडियो में अक्षय कुमार एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं। इस दौरान पैपराजी ने उनसे सवाल किया कि वह कहां जा रहे हैं। इस पर अभिनेता ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मजाकिया जवाब देते हुए कहा, “मामा है क्या तू मेरा, जो तुझे बताकर जाऊंगा?” उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने अक्षय कुमार के शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर की तारीफ की, जबकि कुछ ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि ‘राजू मोड हमेशा ऑन रहता है।’ वहीं कई लोगों ने हंसने वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी। वर्क फ्रंट की बात करें तो निर्देशक अहमद खान की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के साथ कई बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म में सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ सहित कुल 34 कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। कॉमेडी और मनोरंजन से भरपूर यह मल्टीस्टारर फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है।
