फ्रेंच फ्राइज बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंदीदा स्नैक डिश है। शाम की हल्की भूख हो या वीकेंड की मस्ती, गर्मागर्म और कुरकुरे फ्राइज का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। हालांकि, घर पर फ्रेंच फ्राइज बनाते समय अक्सर वे बाजार जैसे क्रिस्पी नहीं बन पाते। यदि आप कुछ आसान ट्रिक्स अपनाएं, तो घर पर भी बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल फ्रेंच फ्राइज तैयार कर सकती हैं। सबसे पहले सही आलू का चुनाव करना बेहद जरूरी है। फ्राइज के लिए बड़े और पुराने आलू बेहतर माने जाते हैं क्योंकि इनमें स्टार्च की मात्रा अधिक होती है। इससे फ्राइज बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम बनते हैं। आलू को समान आकार में काटने से वे एकसमान पकते हैं और उनका टेक्सचर भी बेहतर रहता है।
आलू काटने के बाद उन्हें कम से कम 30 मिनट तक ठंडे पानी में भिगोकर रखें। इससे अतिरिक्त स्टार्च निकल जाता है और फ्राइज आपस में चिपकते नहीं हैं। इसके बाद आलू को साफ कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें ताकि उनमें नमी बिल्कुल न रहे। नमी रहने पर फ्राइज कुरकुरे नहीं बनते। क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज का सबसे बड़ा राज है ‘डबल फ्राइंग’ तकनीक। पहले आलू को मध्यम गर्म तेल में हल्का तलें और निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। चाहें तो कुछ देर फ्रिज में भी रख सकते हैं। इसके बाद दूसरी बार तेज गर्म तेल में सुनहरा होने तक तलें। इस प्रक्रिया से फ्राइज का स्वाद और कुरकुरापन कई गुना बढ़ जाता है।
फ्राइज तैयार होने के बाद ही उनमें नमक, चाट मसाला या अपनी पसंद के सीजनिंग्स डालें। पहले से नमक डालने पर फ्राइज नरम हो सकते हैं। इस आसान विधि से बने फ्रेंच फ्राइज न सिर्फ स्वादिष्ट लगेंगे, बल्कि बच्चों और परिवार के सभी सदस्यों को भी खूब पसंद आएंगे। अगर आप घर पर कैफे या रेस्टोरेंट जैसा स्नैक बनाना चाहते हैं, तो इन आसान टिप्स को जरूर अपनाएं और हर बार परफेक्ट क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज का आनंद लें।
