नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन तेज हो गया है। कॉकरोट जनता पार्टी के नेतृत्व में यह आंदोलन लगातार जारी है, जिसमें आसपास के राज्यों से आए छात्र भी शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी थाली और चम्मच बजाकर विरोध दर्ज कर रहे हैं और मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच कॉकरोट जनता पार्टी के प्रमुख Abhijeet Deepke
ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, वे जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने साफ कहा कि यह लड़ाई अभी शुरू हुई है और वे यहीं रुकेंगे तथा यहीं सोएंगे। अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वे इसी स्थान पर बैठे रहेंगे। उन्होंने दिल्ली पुलिस से भी अनुरोध किया कि उनके प्रदर्शन की अनुमति से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन अगले दिन तक भी जारी रह सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्हें लाठीचार्ज का सामना करना पड़े तो सबसे पहले वे उसे सहेंगे और यदि हिरासत में लिया जाता है तो वे स्वयं आगे बढ़कर जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें एक करोड़ रुपए की सहायता दी जानी चाहिए। इसके लिए उन्होंने शाम 6 बजे तक छात्रों और परिजनों को प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की अपील भी की है। यह आंदोलन लगातार चर्चा में बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार इस मामले में तुरंत कार्रवाई करे और जिम्मेदारों पर सख्त कदम उठाए जाएं।
