ऑकलैंड (न्यूज़ीलैंड)। एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिली को 6-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत की ओर से नवनीत कौर ने 6वें और 13वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि दीपिका ने 14वें और 18वें मिनट में लगातार दो गोल कर टीम की बढ़त मजबूत कर दी। इसके बाद नेहा ने 32वें मिनट में और रुतुजा दादासो पिसाल ने 39वें मिनट में गोल कर भारत को 6-0 की बड़ी बढ़त दिला दी।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा। छठे मिनट में मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर को नवनीत कौर ने गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। इसके बाद कप्तान सलीमा टेटे की शानदार मूव पर नवनीत ने दूसरा गोल दागा। ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका ने लगातार दो गोल कर चिली की टीम पर दबाव बढ़ा दिया। दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 5-0 किया, जबकि रुतुजा दादासो पिसाल ने ओपन प्ले में शानदार रिवर्स हिट लगाकर छठा गोल किया।
मैच के अंतिम क्वार्टर में चिली ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम ने अंत तक अपनी बढ़त बरकरार रखी और 6-0 से यादगार जीत दर्ज की।अब फाइनल में भारत का सामना संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
