कोरबा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, हत्या के शक में कब्र से निकाला गया शव, जांच जारी

Follow Us

कोरबा। श्यांग थाना क्षेत्र के छिरहुट गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मायके पक्ष द्वारा हत्या का संदेह जताए जाने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम कुमा निवासी घुरई बाई की शादी तीन साल पहले छिरहुट निवासी दिलीप बैगा से हुई थी। दंपती का डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी है। 16 जून को घुरई बाई की मौत हो गई थी, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने इसे बीमारी से हुई मौत बताते हुए अंतिम संस्कार कर दिया था।

मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि पति दिलीप बैगा अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होते थे। परिजनों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के लिए जल्दबाजी में शव दफना दिया गया। शिकायत के बाद एसडीओपी, थाना प्रभारी, क्राइम टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकाला गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। पति ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पत्नी की मौत बीमारी से हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर बयान दर्ज कर लिए हैं और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।