मुंबई। टीवी की मशहूर अभिनेत्री सुरभि ज्योति इन दिनों अपने जीवन के सबसे खास और खूबसूरत दौर मदरहुड का आनंद ले रही हैं। हाल ही में बेटी को जन्म देने वाली अभिनेत्री ने पहली बार अपनी नन्हीं परी की झलक सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसे देखकर फैंस भावुक हो गए हैं। सुरभि ज्योति ने 13 जून को बेटी को जन्म दिया था। मां बनने की खुशखबरी सामने आने के बाद से ही फैंस उनकी बेटी की पहली तस्वीर का इंतजार कर रहे थे। अब डिलीवरी के करीब एक सप्ताह बाद अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की है।
तस्वीर में नवजात बच्ची अपने छोटे से हाथ से पिता की उंगली थामे नजर आ रही है। हालांकि सुरभि ने बेटी का चेहरा नहीं दिखाया, लेकिन यह भावुक पल फैंस का दिल जीतने के लिए काफी था। फोटो के साथ उन्होंने लिखा, “बस इतना ही चाहिए और कुछ नहीं।” उनका यह कैप्शन सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। बता दें कि, सुरभि ज्योति ने साल 2024 में अभिनेता सुमित सूरी से शादी की थी। शादी के लगभग दो साल बाद दोनों माता-पिता बने हैं। फैंस और मनोरंजन जगत के कई सितारे इस नए सफर के लिए कपल को शुभकामनाएं दे रहे हैं। फिलहाल सुरभि अपना पूरा समय परिवार और बेटी के साथ बिता रही हैं।
