मोदी हैं दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक’ – ट्रंप ने फिर की जमकर तारीफ, व्यापार और नेतृत्व पर कही बड़ी बातें

Follow Us

वॉशिंगटन/एवियन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर प्रशंसा की है। G7 शिखर सम्मेलन के बाद अमेरिका लौटने पर दिए गए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने मोदी को एक महान और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा भारत के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और अनावश्यक युद्धों से दूर रहने की नीति पर विश्वास करते हैं।

ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देशों में से एक है और मोदी लगभग 1.5 अरब लोगों का सफल नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने भारत की मजबूत आर्थिक प्रगति का भी जिक्र किया और कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने कई प्रभावशाली आर्थिक उपलब्धियां हासिल की हैं। दुनिया के सबसे पसंदीदा नेताओं के बारे में पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का नाम लिया। उन्होंने कहा कि, मोदी एक समझदार, मजबूत और प्रभावशाली नेता हैं, जिनकी वैश्विक स्तर पर अलग पहचान है।

भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि, दोनों देशों के बीच व्यापार अब पहले की तुलना में अधिक संतुलित और पारदर्शी हो गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि, अतीत में भारत को व्यापार से अधिक लाभ मिला, लेकिन इसके लिए वह भारत या मोदी को जिम्मेदार नहीं मानते। इससे पहले G7 सम्मेलन में द्विपक्षीय बैठक के दौरान भी ट्रंप ने मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें “फरिश्ते जैसा दिखने वाला लेकिन बेहद सख्त और कुशल कारोबारी” बताया था। ट्रंप की इस टिप्पणी पर प्रधानमंत्री मोदी भी मुस्कुराते नजर आए।