मुंबई। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईथा’ का टीजर ऑनलाइन लीक होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज हुई कॉकटेल 2 के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जा रहा है, जिसके चलते दर्शकों के बीच इसकी जबरदस्त चर्चा हो रही है। फिल्म में श्रद्धा कपूर दिग्गज मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। टीजर में उनका दमदार अभिनय, शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और भावनात्मक दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।
टीजर में श्रद्धा को मंच पर प्रस्तुति देते हुए दिखाया गया है। एक दृश्य में वह गर्भावस्था के दौरान बेबी बंप के साथ नजर आती हैं, जबकि दूसरे दृश्य में बच्चे के जन्म के तुरंत बाद फिर से मंच पर लौटने की तैयारी करती दिखाई देती हैं। इस भावनात्मक और प्रेरणादायक प्रस्तुति की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है। टीजर का एक संवाद दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है, जिसमें श्रद्धा कहती हैं, “पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी।” इसके जवाब में सुनाई देता है, “तो बन जा मिसाल।” यह संवाद फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा रहा है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उटेकर ने किया है, जिन्होंने इससे पहले छावा का निर्देशन किया था। फिल्म में रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि ‘ईथा’ 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
