यूएन में भारत का पाकिस्तान पर तीखा वार, कहा- जम्मू-कश्मीर हमारा अभिन्न हिस्सा; आतंकवाद को लेकर उठाए गंभीर सवाल

Follow Us

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के मंच से भारत ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा है। भारत ने जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न हिस्सा बताते हुए इस्लामाबाद के आरोपों को खारिज कर दिया और आतंकवाद को बढ़ावा देने के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा। संयुक्त राष्ट्र में भारत की प्रथम सचिव अनुपमा सिंह ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर को लेकर फैलाया जा रहा कथित दुष्प्रचार उसकी आंतरिक समस्याओं और आतंकवाद को समर्थन देने की नीति से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) के बयानों को भी खारिज किया।

भारत ने आरोप लगाया कि, पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन देता रहा है और अब उन्हीं चुनौतियों का सामना कर रहा है। भारत की ओर से कहा गया कि, आतंकवाद को नीति के रूप में इस्तेमाल करने वाले देश को शांति और सहयोग के विशेष अधिकारों की मांग करने से पहले अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए।

पीओके का मुद्दा उठाते हुए भारत ने वहां नागरिकों की स्थिति, हिंसा और अधिकारों से जुड़े मामलों पर भी सवाल उठाए। भारत ने कहा कि, क्षेत्र में लोगों की बुनियादी जरूरतों और अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। सिंधु जल संधि पर भारत ने अपना रुख दोहराते हुए कहा कि, बदलते समय और परिस्थितियों के साथ पुराने समझौतों की समीक्षा जरूरी है। भारत ने स्पष्ट किया कि, आतंकवाद और सहयोग एक साथ नहीं चल सकते। UNHRC में भारत के इस बयान को पाकिस्तान की नीतियों के खिलाफ एक मजबूत कूटनीतिक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।