क्रिप्टो बाजार में हड़कंप! 3 दिन में 4,000 डॉलर से ज्यादा टूटा बिटकॉइन, निवेशकों की बढ़ी बेचैनी

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी बाजार में एक बार फिर भारी दबाव देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों में दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल करेंसी बिटकॉइन 4,000 डॉलर से अधिक टूट गई है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख ने क्रिप्टो बाजार की दिशा बदल दी है।

कुछ दिन पहले अमेरिका-ईरान समझौते की खबरों से बाजार में तेजी का माहौल बना था और निवेशकों को उम्मीद थी कि, बिटकॉइन नई ऊंचाइयों को छू सकता है। लेकिन हालात इसके उलट हो गए। 16 जून को 66,000 डॉलर के ऊपर कारोबार कर रहा बिटकॉइन 19 जून तक गिरकर करीब 62,500 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती नहीं किए जाने और भविष्य में भी दरें ऊंची रहने के संकेतों ने जोखिम वाले निवेश विकल्पों पर दबाव बढ़ा दिया है। मजबूत डॉलर और बिटकॉइन ईटीएफ से निकासी ने भी बाजार की कमजोरी को और बढ़ाया है।

सिर्फ बिटकॉइन ही नहीं, बल्कि इथेरियम, सोलाना और पीआई सीओआईएन जैसी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी भी गिरावट की चपेट में हैं। निवेशकों में फिलहाल सतर्कता का माहौल है और कई लोग बाजार की अगली दिशा का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि कुछ निवेशक इस गिरावट को खरीदारी का अवसर मान रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि क्रिप्टो बाजार में निवेश से पहले जोखिम और अस्थिरता को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है।