रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आहट के साथ मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। साथ ही अगले चार से पांच दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इससे आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, जगदलपुर, दुर्ग, गंडई और बड़े राजपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से बिहार तक सक्रिय द्रोणिका और दक्षिण भारत की ओर बने सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। राजधानी रायपुर में भी आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
