कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र के ग्राम कटगोड़ी में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के बाद प्रशासन ने एहतियातन सख्त कदम उठाए हैं। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने चिन्हित इलाकों में धारा 163 लागू कर दी है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई और कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट के 300 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा तथा घातक हथियारों और विस्फोटक सामग्री के साथ लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी और आपत्तिजनक पोस्टर, पर्चे या प्रचार सामग्री के वितरण पर भी रोक लगाई गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुराने विवाद को लेकर शुरू हुआ तनाव रात में हिंसक रूप ले बैठा। देर रात भरत सिंह अपने कुछ साथियों के साथ कटगोड़ी पहुंचे थे। आरोप है कि, इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने उनकी फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

