मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही उठापटक के बीच उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से चर्चा में रहे ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बीच शिवसेना (उद्धव गुट) के 6 लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, इन सांसदों ने दिल्ली पहुंचकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की और इसके बाद शिंदे नेतृत्व वाली शिवसेना का समर्थन करने का फैसला लिया। इस घटनाक्रम के बाद उद्धव ठाकरे गुट के पास लोकसभा में अब केवल 3 सांसद बचने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बागी सांसदों ने पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने शिंदे गुट के साथ जाने की जानकारी दी। इससे पहले सांसदों ने एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे से भी मुलाकात की थी।
हालांकि, अभी तक किसी भी सांसद ने सार्वजनिक रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने का ऐलान नहीं किया है। वहीं, उद्धव ठाकरे गुट ने संभावित बगावत को लेकर पहले ही नाराजगी जाहिर की थी और सांसदों को कड़ी चेतावनी दी थी। इस घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र की सियासत में नई बहस शुरू हो गई है। अब सभी की नजर आगे की राजनीतिक रणनीति और दोनों गुटों की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
