क्या संगीत से दूरी बना रहे हैं प्रीतम? पोस्ट ने बढ़ाई फैंस की बेचैनी

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार प्रीतम चक्रबोर्ती के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके प्रशंसकों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। अपने 55वें जन्मदिन पर साझा किए गए संदेश में प्रीतम ने संकेत दिया कि वह आने वाले कुछ वर्षों तक मुख्यधारा के बॉलीवुड संगीत से ब्रेक ले सकते हैं। प्रीतम ने लिखा कि लंबे समय तक लगातार काम करने के बाद अब वह खुद को समय देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह जीवन के उन पहलुओं को फिर से जीना चाहते हैं, जिन्हें काम की व्यस्तता के कारण नजरअंदाज करना पड़ा। साथ ही उन्होंने नए अनुभवों और अनजान रास्तों पर चलने की इच्छा भी जाहिर की।

पोस्ट सामने आते ही फैंस ने इसे संगीत जगत से संभावित विदाई के संकेत के रूप में देखना शुरू कर दिया। हालांकि प्रीतम ने स्पष्ट किया है कि वह अपने सभी मौजूदा प्रोजेक्ट्स और वादों को पूरा करने के बाद ही ब्रेक लेंगे। उनके पास अभी भी कई फिल्मों और एल्बम का काम बाकी है। फैंस का मानना है कि यदि प्रीतम कुछ समय के लिए भी संगीत से दूर होते हैं, तो बॉलीवुड एक बेहतरीन संगीतकार की कमी जरूर महसूस करेगा। वहीं कई प्रशंसक उम्मीद जता रहे हैं कि ब्रेक के बाद वह नए अंदाज और नए संगीत के साथ वापसी करेंगे।