मुंबई। निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ दर्शकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बनाने में सफल होती नजर आ रही है। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान इम्तियाज अली ने सिनेमाघर पहुंचकर फैंस को सरप्राइज दिया, जिसके बाद वहां मौजूद दर्शकों की खुशी देखने लायक थी। फिल्म खत्म होने के बाद फैंस ने इम्तियाज अली की कहानी और निर्देशन की जमकर तारीफ की। इस दौरान एक फैन इतना भावुक हो गया कि उसने सभी के सामने निर्देशक को दंडवत प्रणाम कर दिया। फैन की इस भावुक प्रतिक्रिया को देखकर इम्तियाज अली ने तुरंत उसे उठाया और गले लगा लिया। यह पल वहां मौजूद दर्शकों के लिए बेहद खास बन गया।

12 जून 2026 को रिलीज हुई इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने चार दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 5.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। सोमवार को फिल्म ने लगभग 35 लाख रुपये की कमाई दर्ज की। करीब 65 से 70 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शारवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
