सारंगढ़- बिलाईगढ़। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अंतर्गत भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इस योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में नौकरी करने का अवसर मिलेगा, जहां आकर्षक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
इस भर्ती के लिए आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है, जबकि इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन अनिवार्य है। इसके अलावा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, मिडवाईफ और फिजियोथेरेपी जैसे योग्यताधारी उम्मीदवार आवेदन के पात्र होंगे। जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार, अभ्यर्थी के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए और वह शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है।
चयनित उम्मीदवारों को इजराइल में चिकित्सा बीमा, आवास और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही 9 दिन का राष्ट्रीय अवकाश और 16 दिन का वार्षिक अवकाश भी मिलेगा। वेतन की बात करें तो सभी कटौतियों के बाद लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह मिलने का अनुमान है। हालांकि इस भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को कई प्रकार के खर्च भी वहन करने होंगे, जो लाखों रुपये तक पहुंचते हैं। जानकारी के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया के दौरान रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस लगभग 11,197 रुपये (जीएसटी सहित), मेडिकल एग्जामिनेशन फीस 6,158 रुपये, पुलिस रिपोर्ट फीस 560 रुपये, पासपोर्ट इंश्योरेंस फीस 2,240 रुपये तथा वीडियो इंटरव्यू शुल्क 4,665 रुपये देना होगा।
इसके अलावा वीजा फीस और फ्लाइट टिकट का खर्च अलग से निर्धारित किया जाएगा। नौकरी मिलने के बाद भी अभ्यर्थियों को कुछ किश्तों में भुगतान करना होगा, जिसमें लगभग 1,99,770 रुपये तक का कुल खर्च शामिल बताया गया है। इसके अतिरिक्त यात्रा से पहले लगभग 1,47,086 रुपये का प्रारंभिक खर्च भी अनुमानित है, जिसमें वीजा, एप्लीकेशन और फ्लाइट टिकट शामिल हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लियरेंस और इजराइली नियोक्ता द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग इंटरव्यू शामिल होगा। अंतिम चयन नियोक्ता संस्था द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों ने इच्छुक अभ्यर्थियों से छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर जल्द पंजीयन कराने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अभ्यर्थी किसी भी प्रकार के दलालों या भ्रामक माध्यमों से सावधान रहें और केवल आधिकारिक प्रक्रिया के माध्यम से ही आवेदन करें। इस अवसर को युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का बड़ा मौका माना जा रहा है, हालांकि इसमें उच्च प्रारंभिक लागत के कारण सावधानीपूर्वक निर्णय लेने की भी जरूरत बताई जा रही है।
