रायपुर। धर्मांतरण और आरक्षण से जुड़े डीलिस्टिंग मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह भगत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है और उसे पहले सही जानकारी हासिल करनी चाहिए। मुख्यमंत्री साय ने कहा, “कांग्रेसी आधी-अधूरी बातें करते हैं। डीलिस्टिंग के मुद्दे पर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि तथ्य कुछ और हैं। सही जानकारी के आधार पर ही बयान देना चाहिए।” जशपुर जिले में रेल सुविधा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस विषय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रखा था। जशपुर अब तक रेल सेवा से वंचित रहा है, लेकिन अब इस दिशा में तेजी से कार्रवाई हो रही है और जल्द ही परियोजना को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि रेल मार्ग शुरू होने से जशपुर जिले में व्यापार, पर्यटन और लोगों के आवागमन को बड़ा लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। वहीं, कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी के शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह उनका पार्टी का मामला है, वे आएं या जाएं, इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है।”
