नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज महामुकाबले को लेकर पूरे देश में रोमांच चरम पर है। चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत के लिए देश भर में दुआओं का दौर जारी है। प्रयागराज में फैंस ने भारतीय टीम की खिलाड़ियों के पोस्टर्स हाथों में लेकर गंगा नदी में उतरकर विशेष पूजन और भव्य आरती की। फैंस को पूरा भरोसा है कि भारत की बेटियां मैदान पर दमदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।
इस कड़ी टक्कर को लेकर राजस्थान के चूरू में महिला क्रिकेट फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा है। फैंस का कहना है कि जब भी भारत-पाकिस्तान का मैच होता है, तो रोमांच का स्तर अलग ही होता है। फैंस ने उम्मीद जताई कि कप्तान हरमनप्रीत कौर और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला जमकर गरजेगा और मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात होगी। कुछ फैंस ने इस मुकाबले में टॉस की भूमिका को भी बेहद अहम बताया।
आंकड़ों की बात करें तो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम का पलड़ा पाकिस्तान पर हमेशा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 13 मैचों में भारत ने शानदार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से धूल चटाई थी। आज भी भारतीय टीम अपने इसी दबदबे को कायम रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जहां बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स तथा गेंदबाजी में रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ की जोड़ी पर सबकी नजरें टिकी होंगी।
