छत्तीसगढ़ आ रहे हैं राहुल गांधी: 10 दिवसीय मेगा ट्रेनिंग कैंप में जिला अध्यक्षों को मिलेगी ‘सुपरपावर’, खरगे-प्रियंका भी हो सकते हैं शामिल

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए रायपुर में एक बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आगामी 21 जून से अभनपुर के मंगल भवन में 10 दिवसीय मेगा ट्रेनिंग कैंप (प्रशिक्षण शिविर) का आयोजन किया गया है। इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद शामिल होंगे और राज्य के सभी जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्षों का मार्गदर्शन करेंगे। एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में पीसीसी और सभी जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर जानकारी दे दी है।

इस ट्रेनिंग सत्र के दौरान राहुल गांधी जिला अध्यक्षों से सीधे वन-टू-वन संवाद करेंगे और स्थानीय गतिविधियों का फीडबैक लेंगे। माना जा रहा है कि इस शिविर के बाद जिला कमेटियों को बड़े अधिकार सौंपे जा सकते हैं, जिससे वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्वतंत्र फैसले ले सकें। सीधे एआईसीसी के संपर्क में रहने के कारण जिला अध्यक्ष पहले से कहीं अधिक ताकतवर और प्रभावी हो जाएंगे।

इस आयोजन के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ट्रेनिंग के शुरुआती दो दिन और आखिरी दो दिन पीसीसी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का रहना अनिवार्य किया गया है। चर्चा यह भी है कि राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी भी इस शिविर में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भर सकते हैं।