परिवार बनकर कर रहे थे गांजा तस्करी, 18.6 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। सिहावा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए परिवार का रूप धारण कर यात्रा कर रहे तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 किलो 626 ग्राम गांजा, एक कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से महाराष्ट्र की ओर एक सफेद अमेज कार में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार थे। तलाशी के दौरान डिक्की से 18 पैकेटों में पैक 18.626 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के बोलनगिर और भवानीपटना क्षेत्र से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने प्रवीण रविन्द्र दुबे, सोनू प्रवीण खैरकार और पलाश गजभिए को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद अस्पताल ले जाते समय आरोपी पलाश गजभिए पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, लेकिन धमतरी पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर सघन तलाश के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। मामले में अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।