जिले में कुदरत का कहर: भीषण आंधी-तूफान से 150 फीट ऊंचा BSNL टावर जमींदोज़, दर्जनों पेड़ -छप्पर उड़े

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार सुबह आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। सुबह करीब 5 बजे अचानक तेज गर्जना और तूफानी हवाओं ने ग्राम भेड़िया नवागांव, बोड़की और आसपास के इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। महज कुछ ही मिनटों के इस बवंडर में दर्जनों पेड़ उखड़ गए और कई ग्रामीणों के मकानों के छप्पर व टीन शेड हवा में उड़ गए, जिससे लोगों को बड़ा नुकसान हुआ है।

इस प्राकृतिक आफत की सबसे बड़ी घटना भेड़िया नवागांव में सामने आई, जहां लगभग 150 फीट ऊंचा भारी-भरकम BSNL टावर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। टावर गिरने से पूरे इलाके में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं ठप होने की आशंका है। इसके अलावा, बोड़की और भेड़िया नवागांव के बीच मुख्य मार्ग पर चार विशाल पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि, ग्रामीणों ने खुद आगे आकर पेड़ों को हटाया और रास्ता बहाल किया।

तूफान के कारण बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त होने से पूरे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई है, जिससे लोग उमस भरी गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी तबाही के बावजूद किसी जानमाल की हानि या अप्रिय घटना की खबर नहीं है। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने में जुटा है।