धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, कत्तानुमा हथियार जब्त

Follow Us

रायगढ़। पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम तराईमाल स्थित सिंघल प्लांट के पास धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का कत्तानुमा हथियार बरामद कर जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी पूंजीपथरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंघल प्लांट के समीप एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साकिर अली (45 वर्ष), निवासी तिवारी मटिहनिया, थाना बिसम्बरपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत दंडनीय पाए जाने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा और आरक्षक सुरेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।