कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। पार्टी के भीतर मची भगदड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। अब टीएमसी को एक और बड़ा झटका लगा है, राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बाराइक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बाराइक के इस फैसले के बाद राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की संख्या 13 से घटकर महज 10 रह जाएगी। उन्होंने अपने त्यागपत्र में राज्यसभा सचिवालय और उपसभापति को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए इस्तीफा तुरंत स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

प्रकाश चिक बाराइक से पहले सुखेंदु शेखर राय और ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वालीं सुष्मिता देव भी राज्यसभा और पार्टी से इस्तीफा दे चुकी हैं। टीएमसी में बगावत की यह आग सिर्फ राज्यसभा तक ही सीमित नहीं है; लोकसभा में भी पार्टी के 28 में से 20 सांसदों ने बागी रुख अख्तियार करते हुए बीजेपी समर्थित एनडीए को अपना समर्थन दे दिया है। चुनावी हार और आंतरिक कलह के कारण बिखर रही टीएमसी के लिए यह राजनीतिक संकट आने वाले दिनों में और गहरा सकता है, क्योंकि चर्चा है कि कुछ और सांसद जल्द ही पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं।
