नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से हराकर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। भारत के 564/8 (घोषित) के पहाड़ जैसे स्कोर के जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 और फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी महज 112 रनों पर सिमट गई। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ (पारी और 272 रन) थी।
इस मुकाबले में भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल (126) और केएल राहुल (100) ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं। राहुल ने इस दौरान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 9,000 रन पूरे किए, जबकि शुभमन गिल ने बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन का आंकड़ा पार कर लिया। वह कप्तानों में सबसे बेहतरीन औसत (82.76) रखने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने ऋषभ पंत (81) के साथ चौथे विकेट के लिए 169 रनों की मजबूत साझेदारी भी की। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम ने पहली पारी में 6 विकेट चटकाए।
भारतीय गेंदबाजों ने दोनों पारियों में कमाल का प्रदर्शन किया। डेब्यू स्टार मानव सुथार ने पहली पारी में महज 33 रन देकर 6 विकेट झटके और अपने पहले ही मैच में ‘फाइव-विकेट हॉल’ लेने वाले भारत के 10वें गेंदबाज बने। दूसरी पारी में स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर 4 विकेट चटकाए और मेहमान टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अफगानिस्तान के लिए पहली पारी में रहमत शाह (60) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका।
