जाह्नवी कपूर के दृश्यों पर विवाद, मेकर्स ने फिल्म से हटाए कुछ सीन

Follow Us

मुंबई। अभिनेता राम चरण की फिल्म पेड्डी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पांच दिनों के भीतर फिल्म ने दुनियाभर में 230 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। हालांकि, सफलता के बीच फिल्म अब एक नए विवाद को लेकर भी चर्चा में है। विवाद अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के कुछ दृश्यों को लेकर सामने आया है। सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने आरोप लगाया कि फिल्म में उनके किरदार को अनावश्यक रूप से प्रस्तुत किया गया है और कुछ दृश्यों में उन्हें जरूरत से ज्यादा ग्लैमरस तरीके से दिखाया गया है। इन प्रतिक्रियाओं के बाद फिल्म के कंटेंट को लेकर बहस तेज हो गई। लगातार आलोचनाओं के बीच फिल्म के निर्देशक बूची बाबु सना ने दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पहले माफी व्यक्त की थी। अब उन्होंने स्पष्ट किया है कि दर्शकों की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए फिल्म से कुछ विवादित दृश्यों को हटा दिया गया है।

निर्देशक का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी भी कलाकार को गलत तरीके से प्रस्तुत करना नहीं था, बल्कि कहानी की जरूरत के अनुसार दृश्य फिल्माए गए थे। हालांकि, यदि दर्शकों को किसी हिस्से से असहजता हुई है तो उसे गंभीरता से लिया गया और आवश्यक बदलाव किए गए हैं। फिल्म की रिकॉर्डतोड़ कमाई के साथ यह विवाद भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिल रही है। कुछ दर्शक मेकर्स के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि ऐसे दृश्य शुरुआत से ही फिल्म का हिस्सा नहीं होने चाहिए थे। फिलहाल ‘पेद्दी’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है, लेकिन इसके कंटेंट को लेकर जारी बहस ने फिल्म को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह विवाद फिल्म की आगे की लोकप्रियता और प्रदर्शन पर कितना असर डालता है।